×
Chaupal Tv
Haryana

 एन्यूमरेशन फॉर्म जमा करवाने के लिए 14 जुलाई मंगलवार है अंतिम दिन :- उपायुक्त सचिन गुप्ता

रोहतक, 13 जुलाई। उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी सचिन गुप्ता ने कहा है कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार चलाए जा रहे मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर)-2026 अभियान के तहत एन्यूमरेशन फॉर्म जमा करवाने की अंतिम तिथि 14 जुलाई 2026 है। निर्धारित समय सीमा समाप्त होने में अब केवल एक दिन अर्थात मंगलवार का दिन शेष हैं। उपायुक्त सचिन गुप्ता ने जिला के सभी पात्र मतदाताओं से अपील की है कि जिन मतदाताओं ने अभी तक अपना एन्यूमरेशन फॉर्म जमा नहीं करवाया है, वे बिना किसी देरी के तत्काल यह प्रक्रिया पूरी करें।
सचिन गुप्ता ने कहा है कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य मतदाता सूची को शुद्ध, पारदर्शी, त्रुटिरहित एवं अद्यतन करना है। ऐसी मतदाता सूची ही सशक्त लोकतंत्र का आधार है। मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान में प्रत्येक पात्र मतदाता की सक्रिय भागीदारी अत्यंत महत्वपूर्ण है। अब तक गणना प्रपत्र जमा न करवाने वाले मतदाता अपना भरा हुआ एन्यूमरेशन फॉर्म संबंधित बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) के पास अवश्य जमा करवाना सुनिश्चित करें।
उपायुक्त सचिन गुप्ता ने कहा है कि जिला प्रशासन द्वारा एसआईआर अभियान को सफल बनाने तथा मतदाताओं की सुविधा के लिए व्यापक प्रबंध किए गए हैं। जिला के सभी बूथ लेवल अधिकारी मतदाताओं की सहायता के लिए उपलब्ध हैं। एन्यूमरेशन फॉर्म भरने अथवा जमा करवाने में किसी प्रकार की परेशानी होने पर मतदाता अपने संबंधित बीएलओ से संपर्क कर आवश्यक सहायता प्राप्त कर सकते हैं।
बॉक्स :-
दूसरों को भी फॉर्म जमा करवाने के लिए करें प्रेरित :- सचिन गुप्ता
सचिन गुप्ता ने जिला के मतदाताओं का आह्वान किया है कि वे स्वयं एन्यूमरेशन फॉर्म जमा करवाने के साथ-साथ अपने परिवार के सदस्यों, पड़ोसियों, मित्रों एवं अन्य पात्र मतदाताओं को भी निर्धारित समय सीमा 14 जुलाई तक फॉर्म जमा करवाने के लिए प्रेरित करें। उन्होंने कहा है कि प्रत्येक पात्र मतदाता की सहभागिता मतदाता सूची को अधिक सटीक एवं अद्यतन बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
उपायुक्त सचिन गुप्ता ने कहा कि एन्यूमरेशन फॉर्म जमा करवाने के लिए अब केवल मंगलवार का दिन शेष है। इसलिए जिन पात्र मतदाताओं की प्रक्रिया अभी लंबित है, वे इसे प्राथमिकता के आधार पर पूरा करें। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया है कि रोहतक जिला के नागरिक लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता का परिचय देते हुए एसआईआर अभियान में सक्रिय सहयोग करेंगे और तुरंत अपना एन्यूमरेशन फॉर्म जमा करवाएंगे।

खबर पसंद आई?इसे शेयर करें
लेखक✓ Verified Author

Sahab Ram

ताजा खबरों और अपडेट्स के लिए जुड़े रहें।