×
Chaupal Tv
Haryana

समाधान शिविर में उपायुक्त महेंद्र पाल ने सुनीं जनसमस्याएं

हिसार, 13 जुलाई।
समाधान शिविर में सोमवार को उपायुक्त महेंद्र पाल ने जन शिकायतों की सुनवाई करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक शिकायत का समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण एवं संतोषजनक निस्तारण करना सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि समाधान शिविर का उद्देश्य आम नागरिकों को त्वरित राहत प्रदान करना है, इसलिए किसी भी शिकायत को अनावश्यक रूप से लंबित न रखा जाए।
समाधान शिविर में गांव मात्रश्याम निवासी संतोष कुमारी द्वारा गांव के जलघर में पानी न आने व तहसीलदार के पास रजिस्ट्री करवाने के लिए बार-बार चक्कर कटवाने की शिकायत पर उपायुक्त महेंद्र पाल ने एसडीएम को प्रार्थी के समक्ष आ रही समस्याओं के समाधान को लेकर आगामी आवश्यक कार्यवाही करने को कहा। एक अन्य प्रार्थी द्वारा नगर परिषद बरवाला के अधिकारियों द्वारा के गली/चौक निर्माण कार्यो में गंभीर अनियमितताओं, घटिया निर्माण सामग्री एवं सरकारी धन के दुरुपयोग की जांच करने तथा भुगतान रोकने संबंधी शिकायत पर उपायुक्त ने एसडीएम बरवाला को मामले की जांच कर विभागीय कार्यवाही करने के निर्देश दिए।
इसी प्रकार गांव पीरांवाली निवासी स्वर्ण कौर द्वारा अपने मजदूर पति की सडक़ दुर्घटना के बाद समय पर इलाज न मिलने के कारण मृत्यु होने व मामले की जांच कर रहे पुलिस कर्मचारियों द्वारा तंग करने की शिकायत पर उपायुक्त महेंद्र पाल ने पुलिस विभाग के अधिकारियों को मामले की सही तरीके से जांच सुनिश्चित करने को कहा। गांव आर्य नगर की ग्राम पंचायत ने बाढ़ के पानी की निकासी के लिए बिछाई जा रही पाईप लाईन के निर्माण कार्यो में उत्पन्न बाधाओं  को दूर कर इनको जल्द पूर्ण करने की मांग पर उपायुक्त ने सिचांई विभाग के अधिकारियों को मौका मुआयना कर नागरिकों की समस्या का समाधान करने की हिदायत दी। आदर्श कॉलोनी निवासी एक प्रार्थी ने पड़ोसियों द्वारा गली में पालतू पशुओं के लिए बाड़ा बनाकर अवरोध एवं गंदगी फैलाने की शिकायत पर उपायुक्त ने नगर निगम अधिकारियों को मामले पर आगामी कार्यवाही करने को कहा।
इस अवसर पर हिसार एसडीएम ज्योति मित्तल, जिला परिषद सीईओ सुभाष चंद्र, जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी नरेंद्र कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

खबर पसंद आई?इसे शेयर करें
लेखक✓ Verified Author

Sahab Ram

ताजा खबरों और अपडेट्स के लिए जुड़े रहें।