भिवानी, 13 जुलाई। डीसी साहिल गुप्ता की अध्यक्षता में सोमवार को उनके कार्यालय में विभिन्न विभिन्न विभागों के अधिकारियों की बैठक आयोजित हुई। बैठक में डीसी ने 17 जुलाई को पंडित नेकीराम शर्मा मेडिकल कॉलेज के जिला मुख्यालय पर होने वाले उद्घाटन समारोह को लेकर जरूरी निर्देश दिए। डीसी ने स्वास्थ्य और अन्य संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि उद्घाटन समारोह में किसी प्रकार की कमी नहीं रहनी चाहिए। समारोह के दौरान जींद से प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के कार्यक्रम का सीधा प्रसारण दिखाया जाएगा। बैठक में एसएसपी सुमित कुमार, एडीसी दीपक बाबू लाल करवा, भाजपा जिलाध्यक्ष विरेंद्र कौशिक, उपाध्यक्ष प्रदीप प्रजापत, चिकित्सा शिक्षा एवं अनुसंधान विभाग के संयुक्त निदेशक विजय मलिक, एसडीएम महेश कुमार, डीएमसी हरबीर सिंह, नगराधीश अनिल कुमार और डिप्टी मेडिकल ऑफिसर डॉ. राजेश कुमार भी मौजूद रहे।
जिला मुख्यालय पर आयोजित होने वाले कार्यक्रम की समीक्षा करते हुए डीसी ने बताया कि 17 जुलाई को प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जींद से भिवानी के पंडित नेकीराम शर्मा मेडिकल कॉलेज का शुभारंभ करेंगे, जिसका सीधा प्रसारण भिवानी में मिल्क प्लांट के पास मेडिकल कॉलेज के परिसर में दिखाया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम जींद में होने वाले प्रधानमंत्री श्री मोदी के कार्यक्रम अनुसार सुबह नौ बजे शुरु हो जाएगा।
डीसी ने जिला मुख्यालय पर होने कार्यक्रम को लेकर सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, विद्युत एवं पेयजल आपूर्ति, साफ-सफाई, स्वास्थ्य सेवाओं, पार्किंग तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की समीक्षा की और संबंधित अधिकारियों को विस्तृत दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि समारोह के दौरान पर्याप्त पेयजल व्यवस्था हो और बिजली की निर्बाध रूप से आपूर्ति हो। उन्होंने नगर परिषद को सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश दिए।
डीसी ने बैठक में मौजूद मेडिकल साइंस एवं चिकित्सा अनुसंधान विभाग के संयुक्त निदेशक विजय कुमार से समारोह की तैयारियों के बारे में जानकारी ली। डीसी ने निर्देश दिए कि पंडाल में लोगों के बैठने की सही व्यवस्था हो। अलग-अलग सेक्टर बनाए जाएं। मंच पर बड़ी स्क्रीन लगाने के साथ-साथ पंडाल में भी दो छोटी एलईडी स्क्रीन लगाएं ताकि अंतिम पंक्ति में बैठा व्यक्ति भी जींद में आयोजित हो रहे प्रधानमंत्री श्री मोदी के समारोह को आसानी से देख सके।
इस दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष विरेंद्र कौशिक ने जानकारी देते हुए बताया कि जिला स्तरीय समारोह में शामिल होने के लिए इलेक्ट्रिक वाहनों का प्रयोग होगा। समारोह को लेकर कार्यकर्ताओं के साथ-साथ आमजन में पूरा उत्साह है। इस मौके पर जीएम रोडवेज दीपक कुंडू, लोक निर्माण विभाग के कार्यकारी अभियंता लोकेश डागर, पीएमओ डॉॅ बलवान सिंह और डीआईओ अमित लांबा सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
डीसी ने मेडिकल कॉलेज के जिला मुख्यालय पर होने वाले उद्घाटन समारोह को लेकर दिए जरूरी निर्देश








