स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने अपना संदेश देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पिछले 11 वर्ष से अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस मनाया जा रहा है। यह योग दिवस स्वास्थ्य रहने के लिए प्रकृति की गोद में जाने का एक संदेश है। नियमित रूप से योगासन प्राणायाम कर हम स्वस्थ रह सकते हैं और बुजुर्ग अवस्था में आने वाली सामान्य बीमारियों से बचा जा सकता है।
उन्होंने कहा कि पिछले करीब पौने दो साल के दौरान प्रदेश में चिकित्सा सुविधाओं में निरंतर विस्तार किया है। प्रदेश में 1100 चिकित्सकों की भर्ती की गई है। उनका प्रयास है कि ग्रामीण अंचल में स्थापित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में सामान्य अस्पताल जैसी चिकित्सा सुविधा मिलें ताकि ग्रामीणों और विशेष कर महिलाओं को चिकित्सा सुविधा प्राप्त करने में किसी प्रकार की परेशानी ना हो।
कार्यक्रम के दौरान अपना संदेश देते हुए भिवानी के विधायक घनश्याम सर्राफ अपने संबोधन में नेचुरोपैथी को अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सुबह जल्दी उठना स्वास्थ्य के लिए लाभप्रद है। वहीं उन्होंने बृजलाल सर्राफ द्वारा उनके पिता जगन्नाथ सर्राफ के नाम से शुरू किए गए वेलनेस सेंटर और फिजियोथेरेपी सेंटर की सराहना की।
बवानीखेड़ा के विधायक कपूर सिंह वाल्मीकि ने कहा कि हमें 30 से 40 साल पहले के खानपान और संस्कृति को अपनाना होगा। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने जो स्वदेशी अपनाने का आह्वान किया है, वह हमारे स्वस्थ रहने का प्रमुख माध्यम है। हमें घरों में आसानी से मिलने वाली देसी खान-पान की चीजों को अपनाना होगा ।
चौ. बंसीलाल विश्वविद्यालय की कुलगुरु प्रो. दीप्ति धर्माणी ने कहा कि स्वस्थ शरीर में ही स्वस्थ मन का वास होता है। हमें अपने तन-मन, प्राण और बौद्धिक विकास पर ध्यान देना है। तभी हमारे शरीर के साथ-साथ समाज का संपूर्ण विकास होता है। उन्होंने कहा कि इंसान के अंदर समाज सेवा भाव जरूरी है।
हरियाणा महिला आयोग की उपाध्यक्ष मीना परमार ने कहा कि प्रदेश सरकार विशेष कर महिलाओं की चिकित्सा और उनके अधिकारों की तरफ ध्यान दे रही है। प्रकृति के साथ जुडक़र ही हम स्वस्थ रह सकते हैं। हमें पर्यावरण की गोद में रहकर बीमारियों से बचाव करना है।
भाजपा के जिला अध्यक्ष वीरेंद्र कौशिक ने कहा कि सही खान-पान के साथ साथ-साथ हमारी सकारात्मक सोच भी जरूरी है। हमें द्वेष- ईष्र्या भावना नहीं रखनी चाहिए। नकारात्मकता बीमारियों का आमंत्रित करती है। शरीर को स्वस्थ रखने के लिए मन का शांत और सकारात्मक भाव जरूरी है। उन्होंने कहा कि हमें प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में मिलजुल कर देश और समाज को आगे लेकर जाना है।
सांसद चौधरी धर्मबीर सिंह के सुपुत्र मोहित चौधरी ने स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव द्वारा प्रदेशभर में बेहतरीन चिकित्सा महिया करवाए जाने पर उनका आभार प्रकट किया। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य मंत्री की सोच विशेषकर महिलाओं के स्वास्थ्य के प्रति है। उनकी सोच गांव की हर महिला तक बेहतर चिकित्सा सुविधा मुहैया करवाने की है। उन्होंने कहा कि कोरोना कल ने हमें फिर से देसी दवाई और पूर्वजों द्वारा अपनाया जाने वाला खानपान याद दिलाया है।
कार्यक्रम के दौरान कार्यक्रम के संयोजक सुरेंद्र टीटू और बृजलाल सर्राफ ने स्वास्थ्य मंत्री का पगड़ी पहनकर सम्मान किया। संस्था की तरफ से केके मोहता ने प्राकृतिक चिकित्सालय में प्रदान की जा रही चिकित्सा सेवाओं पर प्रकाश डाला और स्वास्थ्य मंत्री का स्वागत किया। वहीं दूसरी ओर बृजलाल सर्राफ ने स्वास्थ्य मंत्री का स्वागत किया और बताया कि यहां पर 60 वर्ष से अधिक समय से लोगों को प्राकृतिक चिकित्सा प्रदान की जा रही है। नागरिकों को बिना दवाई के उपचार के प्रति जागरूक किया जा रहा है।
बॉक्स
वहीं दूसरी ओर पत्रकारों द्वारा भिवानी चौधरी बंसीलाल राजकीय सामान्य अस्पताल और मेडिकल कॉलेज में चिकित्सा सुविधाओं पर लगाए गए सवालिया निशान पर स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि वे चंडीगढ़ पहुंचते ही स्वास्थ्य विभाग के उच्च अधिकारियों से इस बारे में जानकारी लेंगी और आवश्यक दिशा निर्देश दिए जाएंगे। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य विभाग नागरिकों को बेहतर से बेहतर चिकित्सा सुविधा मुहैया कराने के लिए प्रतिबद्ध है।
उन्होंने कहा कि पिछले करीब डेढ साल के दौरान जिला भिवानी में स्वास्थ्य सुविधाओं के विकास पर लगभग 56 करोड़ 80 लाख रुपये खर्च किए गए हैं। जिला नागरिक अस्पताल, भिवानी का 7 करोड़ 61 लाख रुपये की लागत से नवीनीकरण किया गया है। तीन ब्लॉक पब्लिक हेल्थ यूनिट बनाई गईं, जिन पर एक करोड़ 50 लाख रुपये खर्च हुए। गांव ओबरा, बलियाली, दुल्हेड़ी, बामला और सुई में नए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बनाए जा रहे हैं। इन पर करीब 21 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि 26 नए उप-स्वास्थ्य केंद्रों का निर्माण किया जा रहा है, जिन पर लगभग 19) करोड़ 66 लाख रुपये खर्च होंगे। लोहारू उपमंडल अस्पताल में नया भवन और स्टाफ क्वार्टर बनाए जा रहे हैं, जिन पर लगभग 7 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं। तोशाम के 50 बेड वाले अस्पताल को बढ़ाकर 100 बेड का बनाया जा रहा है। अस्पतालों में मरीजों के बेहतर इलाज के लिए लगभग 4 करोड़ 67 लाख रुपये की लागत से आधुनिक मशीनें उपलब्ध कराई गई हैं। तोशाम में भी 66 लाख की आधुनिक मशीने उपलब्ध करवाई गई जिसमें एक्सरे और इसीजी जैसे अनेकों मशीने हैं। उन्होंने कहा कि जिले में अब तक सात लाख इक्कीस हजार एक सौ चौंसठ आयुष्मान कार्ड बनाए जा चुके हैं। 8083 वय वंदना कार्ड भी बनाए गए हैं। आयुष्मान भारत योजना के तहत अब तक एक लाख 55 हजार 57 मरीजों का मुफ्त इलाज किया जा चुका है। इस योजना के तहत अब तक 165 करोड़ 26 लाख रुपये से अधिक के इलाज के क्लेम जमा किए जा चुके हैं।
कार्यक्रम संचालन प्रो. हरिकेष पंघाल ने किया। कार्यक्रम में समाज सेवी रामदेव तायल, डीएसपी अनूप कुमार, सिविल सर्जन डॉ. रघुबीर शांडिल्य, भूपेंद्र धर्माणी, दीपक बंसल, डॉ. संजय वैद, माया यादव, सुनीता गुप्ता, नीटू लाखोटिया, सत्यनाराण मित्तल, प्रदीप प्रजापत, डॉ. विनोद अंचल, पवन गोयल, प्रमख समाजसेवी विनोद मिर्ग के अलावा शहर के अनेक गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।









