×
Chaupal Tv
Haryana

एसआईआर कार्य में लोहारू विधानसभा प्रदेश में अव्वल

लोहारू, 11 जुलाई। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार किए जा रहे मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्य में डीसी साहिल गुप्ता द्वारा बनाई गई योजना के अनुसार किया गया कार्य रंग लाया है। परिणाम स्वरूप जिला भिवानी का लोहारू विधानसभा का कार्य प्रदेश में प्रथम पायदान पर है। यहां गणना प्रपत्रों के डिजिटाइजेशन का कार्य 93.24 प्रतिशत पूरा हो चुका है, जो प्रदेश के अन्य विधानसभा क्षेत्रों से सबसे अधिक है।
उल्लेखनीय है कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार प्रदेश में एसआईआर कार्य किया जा रहा है, जो 14 जुलाई तक किया जाना है। एसआईआर को लेकर डीसी साहिल गुप्ता द्वारा जिला के चारों सभी विधानसभा क्षेत्रों के निर्चाचक पंजीयन अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश जारी किए गए। वहीं जिला में 941 बीएलओ हैं, जिसमें लोहारू विधानसभा में 246, भिवानी विधानसभा में 227, तोशाम में 233 तथा बवानीखेड़ा में 235 बीएलओ हैं। डीसी साहिल गुप्ता द्वारा सभी बीएलओ निर्धारित समयावधि के तहत एसआईआर का कार्य पूरा करने के निर्देश जारी किए गए हैं।
यहां हम प्रदेश के आंकड़ों पर नजर डालें तो शुक्रवार तक जिले के कुल 8 लाख 84 हजार 173 मतदाताओं में से 7 लाख 31 हजार 839 मतदाताओं के प्रपत्र ऑनलाइन दर्ज किए जा चुके हैं, जो कुल 82.77 प्रतिशत है। वहीं विधानसभा के अनुसार आंकड़ों में लोहारू विधानसभा में कुल 2 लाख 5 हजार 39 मतदाताओं में से 01 लाख 91 हजार 172 मतदाताओं के प्रपत्र ऑनलाइन दर्ज किए जा चुके हैं, जो कुल 93.24 प्रतिशत है।
लोहारू विधानसभा क्षेत्र के निर्वाचक पंजीयन अधिकारी एवं एसडीएम मनोज दलाल ने एसआईआर कार्य के सफल संचालन में डीसी साहिल गुप्ता के मार्गदर्शन में बीएलओ की मेहनत का परिणाम बताया है। उन्होंने बीएलओ की भूमिका की सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि निर्वाचन आयोग के कार्यों की सफलता का आधार जमीनी स्तर पर कार्यरत बीएलओ ही हैं। उन्होंने कहा कि हमारे बीएलओ के मेहनत का ही परिणाम रहा कि एसआईआर के कार्य में लोहारू विधानसभा अभी तक प्रदेश में पहले पायदान पर है।
एसडीएम ने कहा कि बीएलओ ने सम्बंधित गांव के व्हाट्सएप ग्रुप के माध्यम से ग्रामीणों को लगातार सूचनाएं साझा कीं और कार्य को आगे बढाते हुए प्रपत्रों को ऑनलाइन अपलोड किया। उन्होंने प्रतिदिन ज्यादा से ज्यादा कार्य करके यह लक्ष्य हासिल किया।
उन्होंने बताया कि बीएलओ के साथ-साथ गांवों के सरपंच, नगरपालिका एमसी, ग्राम सचिव, पटवारी, आंगनवाड़ी वर्कर और आशा वर्करों का एसआईआर के कार्य में बहुत ही सराहनीय योगदान दिया है, जिससे लोहारू विधानसभा क्षेत्र में एसआईआर का कार्य प्रदेश में लगातार सबसे आगे रहा।
बॉक्स
भारत निर्वाचन आयोग द्वारा जारी शेड्यूल के अनुसार 14 जुलाई 2026 तक बीएलओ द्वारा घर-घर जाकर मतदाताओं द्वारा सत्यापन फार्म एकत्रित किये जायेंगे, इसके साथ ही 14 जुलाई तक ही डिजिटाइजेशन किया जाएगा और मतदान केंद्रों का रेशनलाइजेशन किया जाएगा। 21 जुलाई को प्रारूप मतदाता सूची का प्रकाशन किया जाएगा, जबकि दावे एवं आपत्तियां दर्ज करवाने की अवधि 21 जुलाई से 20 अगस्त 2026 तक निर्धारित की गई है। इसके बाद 21 जुलाई से 18 सितंबर 2026 तक दावों एवं आपत्तियों के निपटारे की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। भिवानी विधानसभा क्षेत्र की अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन 22 सितंबर 2026 को किया जाएगा।
बॉक्स
-लोकतंत्र की मजबूती के लिए मतदाता सूचियों का त्रुटिहीन होना जरूरी: डीसी
डीसी साहिल गुप्ता ने कहा कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार मतदाता सूचियों का गहन पुनरीक्षण कार्य यानि एसआईआर का कार्य किया जा रहा है। नागरिक एसआईआर को लेकर किसी भी प्रकार से भ्रमित ना हों। एसआईआर कार्य में नागरिक बीएलओ का सहयोग करें ताकि मतदाता सूचियों में कोई त्रुटि ना रहे। लोकतंत्र की मजबूती के लिए मतदाता सूचियों का त्रुटिहीन होना जरूरी है।

खबर पसंद आई?इसे शेयर करें
लेखक✓ Verified Author

Sahab Ram

ताजा खबरों और अपडेट्स के लिए जुड़े रहें।