×
Chaupal Tv
Latest Update

वेटरनरी इंस्पेक्टर भर्ती में संशोधन का मौका देने की मांग, छात्रों ने मुख्यमंत्री से लगाई गुहार

चंडीगढ़, 21 मई।
पंजाब में वेटरनरी इंस्पेक्टर भर्ती (विज्ञापन संख्या 10/2026) के लिए आवेदन करने वाले कई छात्र इन दिनों परेशानी का सामना कर रहे हैं। आवेदन पत्र भरते समय हुई छोटी-छोटी मानवीय और तकनीकी गलतियों के कारण अभ्यर्थियों में चिंता और निराशा का माहौल बना हुआ है। छात्रों ने इस मामले में पंजाब के मुख्यमंत्री से हस्तक्षेप कर जल्द राहत देने की मांग की है।

छात्रों का कहना है कि आवेदन प्रक्रिया के दौरान कई उम्मीदवारों से आधार नंबर, पहचान पत्र संबंधी जानकारी, पंजाब निवासी संबंधी जानकारी, शैक्षणिक विवरण तथा अन्य व्यक्तिगत जानकारियों में मामूली गलतियां हो गईं। लेकिन भर्ती पोर्टल पर इन गलतियों को सुधारने के लिए किसी प्रकार की संशोधन सुविधा उपलब्ध नहीं करवाई गई। इतना ही नहीं, एक ही आधार नंबर, जन्म तिथि और श्रेणी होने के कारण उम्मीदवार दोबारा नया आवेदन पत्र भी जमा नहीं कर पा रहे हैं, जिससे उनकी परेशानी और बढ़ गई है।

अभ्यर्थियों ने बताया कि कई छात्र ग्रामीण क्षेत्रों से संबंध रखते हैं और उन्होंने स्वयं ही आवेदन पत्र भरे हैं। कई उम्मीदवार लंबे समय से इस भर्ती की तैयारी कर रहे हैं और अब केवल छोटी-छोटी गलतियों के कारण उनका भविष्य प्रभावित होता दिखाई दे रहा है। छात्रों ने कहा कि ये गलतियां जानबूझकर नहीं हुईं बल्कि सामान्य मानवीय भूल हैं, जिन्हें सुधारने का अवसर मिलना चाहिए।

छात्रों के अनुसार उन्होंने सहायता केंद्र पर भी संपर्क किया, लेकिन वहां से उन्हें कोई संतोषजनक समाधान नहीं मिला। इससे अभ्यर्थियों में और अधिक निराशा फैल रही है। कई छात्रों ने कहा कि वे दिन-रात मेहनत कर परीक्षा की तैयारी कर रहे हैं, लेकिन अब छोटी तकनीकी त्रुटियों के कारण उनकी मेहनत व्यर्थ जाती दिखाई दे रही है।

अभ्यर्थियों ने यह भी कहा कि आवेदन की अंतिम तिथि में अभी लगभग 4 दिन शेष हैं, इसलिए सरकार चाहे तो आसानी से संशोधन का अवसर दे सकती है या दोबारा आवेदन करने की अनुमति प्रदान कर सकती है। छात्रों ने मुख्यमंत्री से अपील की कि योग्य और मेहनती उम्मीदवारों के भविष्य को ध्यान में रखते हुए मानवीय आधार पर जल्द समाधान निकाला जाए।

छात्रों ने कहा कि यदि सरकार द्वारा संशोधन की सुविधा या दोबारा आवेदन करने का अवसर दिया जाता है तो इससे योग्य उम्मीदवारों को राहत मिलेगी तथा भर्ती प्रक्रिया और अधिक पारदर्शी एवं छात्र हितैषी बन सकेगी।

खबर पसंद आई?इसे शेयर करें
लेखक✓ Verified Author

Sahab Ram

ताजा खबरों और अपडेट्स के लिए जुड़े रहें।