×
Chaupal Tv
Latest Update

योग जागरूकता अभियान के तहत विभिन्न व्यायामशालाओं में योग प्रोटोकॉल प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित

हिसार, 19 मई।
आगामी 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की तैयारियों के अंतर्गत प्रदेशभर में हरियाणा योग आयोग, आयुष विभाग, शिक्षा विभाग एवं खेल विभाग के संयुक्त तत्वावधान में योग दिवस प्रोटोकॉल प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में जिले के गांव चूली बागडिय़ां, किनाला तथा जाखोद खेड़ा आदि व्यायामशालाओं में योग प्रोटोकॉल प्रशिक्षण शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। गांव की सरपंच संतोष देवी ने भी योग प्रशिक्षण में भाग लिया।


यह जानकारी देते हुए विभाग के प्रवक्ता ने बताया कि हरियाणा योग आयोग के चेयरमैन डॉ जयदीप आर्य के दिशानिर्देशों एवं आयुष विभाग के जिला आयुर्वेदिक अधिकारी डॉ धर्मपाल पूनिया के निर्देशन में जाखोद खेड़ा व्यायामशाला में विश्व योग दिवस के अंतर्गत योग प्रोटोकॉल प्रशिक्षण का पूर्वाभ्यास कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का सीधा लाइव प्रसारण हरियाणा योग आयोग के फेसबुक पेज पर भी किया गया। जिला कॉर्डिनेटर डॉ बलराज तथा योग विशेषज्ञ पूजा के सहयोग से योग सहायक चंद्रकला द्वारा प्रतिभागियों को योगासन एवं प्राणायाम का अभ्यास करवाया गया। इस दौरान योग सहायक रैना, अनीता एवं संतोष देवी ने भी योग प्रोटोकॉल का प्रशिक्षण दिया।


योग सहायक सुनील कुमार ने बताया कि कार्यक्रम के माध्यम से लगभग 150 लोगों को योग प्रोटोकॉल का प्रशिक्षण दिया गया है। उन्होंने कहा कि हर वर्ष की भांति इस बार भी पूरे जिले में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस बड़े उत्साह एवं ऊर्जा के साथ मनाया जाएगा, जिसके लिए आमजन तक योग जागरूकता अभियान लगातार चलाया जा रहा है।


इस अवसर पर योग सहायक अंकित, विनोद, सतपाल, पूनम एवं कृष्ण कुमार सहित सैकड़ों की संख्या में प्रतिभागी उपस्थित रहे।

खबर पसंद आई?इसे शेयर करें
लेखक✓ Verified Author

Sahab Ram

ताजा खबरों और अपडेट्स के लिए जुड़े रहें।