भिवानी, 31 जुलाई। हरियाणा राज्य सफाई कर्मचारी आयोग, पंचकुला द्वारा डीसी साहिल गुप्ता के मार्गदर्शन में स्वास्थ्य विभाग के सहयोग से जिला में 28 से 30 जुलाई तक आयोजित तीन दिवसीय जिला स्तरीय स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित हुए। इन शिविरों के सुचारू संचालन हेतु आयोग की टीम कॉर्डिनेटर श्रीमती नीलम एवं संदीप द्वारा जिले में सूचीबद्ध विभिन्न सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर व्यक्तिगत रूप से जाकर सघन मॉनिटरिंग की गई तथा शिविर में आए कर्मचारियों से सीधा संवाद कर उनके स्वास्थ्य व कार्य परिस्थितियों की जानकारी ली गई।
उन्होंने जानकारी देते हुए बताया कि इस तीन दिवसीय नि:शुल्क शिविर में जिले के सभी नगरीय निकायों, ग्राम पंचायतों, डोर-टू-डोर कचरा संग्रहकों एवं सीवरमेन ने बढ़-चढ़कर भाग लिया, जिससे भिवानी जिले के कुल 995 सफाई मित्रों को सीधे तौर पर स्वास्थ्य लाभ पहुँचा। इसमें शहरी व विशेष श्रेणी से कुल 534 कर्मचारियों ने शत-प्रतिशत जांच कराई, जिसमें नगर परिषद् भिवानी के 251, नगर पालिका लोहारू के 24, नगर पालिका बवानी खेड़ा के 28 तथा नगर पालिका सिवानी के 41 कर्मचारी (कुल 344 निकाय कर्मचारी) के साथ-साथ 155 डोर-टू-डोर सफाई कर्मचारी एवं 30 सीवरमेन शामिल रहे। इसके अलावा जिले की विभिन्न ग्राम पंचायतों में कार्यरत 560 ग्रामीण सफाई कर्मचारियों में से 466 कर्मचारियों का मेडिकल चेकअप पूरा हुआ, जिसमें बवानी खेड़ा खण्ड के 67 (कुल 69 में से), बहल के 43 (47 में से), भिवानी के 140 (170 में से), कैरू के 31 (55 में से), लोहारू के 48 (64 में से), सिवानी के 52 (56 में से) तथा तोशाम खण्ड के 85 (99 में से) ग्रामीण सफाई कर्मचारी शामिल रहे।
स्वास्थ्य जांच शिविर के दौरान विशेषज्ञ डॉक्टरों द्वारा कर्मचारियों के ब्लड प्रेशर, ब्लड शुगर, हीमोग्लोबिन, आंखों की जांच, दाँतो की जांच, एचआईवी जांच, स्कीन रोग संबंधित जांच तथा सामान्य शारीरिक स्वास्थ्य का परीक्षण कर आवश्यक नि:शुल्क दवाइयां प्रदान की गईं। आयोग की टीम ने स्वास्थ्य विभाग व जिला प्रशासन के अधिकारियों का धन्यवाद करते हुए कहा कि राज्य सरकार सफाई कर्मचारियों, सीवरमेन व स्वच्छता प्रहरियों की सामाजिक सुरक्षा, गरिमा और उत्तम स्वास्थ्य की देखभाल के लिए पूरी तरह से कटिबद्ध है।









