हिसार, 23 अप्रैल।
लघु सचिवालय स्थित जिला सभागार में वीरवार को अतिरिक्त उपायुक्त उत्सव आनंद ने आमजन की समस्याएं सुनी गईं और उनके त्वरित समाधान के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। इस अवसर पर मेगा लीगल सर्विस कैंप के तहत जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव एवं सीजेएम अशोक कुमार ने नागरिकों को मुफ्त कानूनी सेवाओं की जानकारी भी दी।
समाधान शिविर में गांव सलेमगढ़ निवासी अजय कुमार द्वारा विकास कार्यों के टेंडर की अदायगी न होने संबंधी शिकायत पर अतिरिक्त उपायुक्त उत्सव आनंद ने संबंधित अधिकारियों को प्रार्थी के समक्ष आ रही समस्या का उचित समाधान करने की हिदायत दी। गांव आर्य नगर निवासी सुरेंद्र सिंह द्वारा बिजली बिल गलत देने तथा जेई व लाइनमैन द्वारा परेशान करने संबंधी शिकायत पर अतिरिक्त उपायुक्त दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम के अधिकारियों को मामले की जांच कर विभागीय कार्यवाही करने को कहा। गांव मात्रश्याम निवासी ओम प्रकाश द्वारा राणा नहर के संबंध में तथा एक अन्य प्रार्थी द्वारा सेक्टर-14 से घोड़ा फार्म, एचएयू, गांव लुदास, शाहपुर व डाबड़ा से मंगाली, हरिकोट, देवां, मुकलान, आर्य नगर, शाहपुर तक घने जंगलों व सीवर की गाद की सफाई की मांग पर अतिरिक्त उपायुक्त ने सिंचाई विभाग के एसई को आगामी कार्यवाही करने के निर्देश दिए। इसी प्रकार डिफेंस कॉलोनी के निवासियों द्वारा त्रिवेणी पार्क को ठीक करवाने की मांग पर अतिरिक्त उपायुक्त उत्सव आनंद ने नगर निगम अधिकारियों को समस्या का समाधान करने के निर्देश दिए।
समाधान शिविर के दौरान हिसार जिला विधिक सेवाएं प्राधिकरण के सचिव एवं मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी अशोक कुमार ने उपस्थित नागरिकों को प्राधिकरण द्वारा आयोजित किए जाने वाले मेगा लीगल सर्विस कैंप के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस विशेष कैंप का उद्देश्य आमजन, विशेषकर जरूरतमंद एवं वंचित वर्ग के लोगों को नि:शुल्क कानूनी सहायता उपलब्ध कराना है, ताकि वे अपने अधिकारों के प्रति जागरूक हो सके और समय पर न्याय प्राप्त कर सकें। उन्होंने नागरिकों से आह्वान करते हुए कहा कि वे इस अवसर का अधिक से अधिक लाभ उठाएं और अपनी कानूनी समस्याओं का समाधान विशेषज्ञों की मदद से करवाएं। इसके साथ ही उन्होंने बताया कि ऐसे कैंपों के माध्यम से लोगों को विभिन्न सरकारी योजनाओं, लोक अदालतों और वैकल्पिक विवाद समाधान प्रक्रियाओं के बारे में भी जागरूक किया जाता है, जिससे छोटे-छोटे विवादों का निपटारा सरलता और शीघ्रता से किया जा सके।
इस अवसर पर नगराधीश सुभाष चंद्र, जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी नरेंद्र सिंह, जिला परिषद डिप्टी सीईओ कीर्ति सिरोहीवाल, एएमसी प्रदीप कुमार सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।





